आई 1 न्यूज़ चैनल (अभिषेक धीमान)चंडीगढ़, 7 जनवरी: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को कैंसर रोगियों के साथ अपना 54वां जन्मदिन मनाया। धर्मपत्नी डॉ. साधना ठाकुर के साथ सीएम सुबह ग्यारह बजे कैंसर अस्पताल पहुंचे। अस्पताल की चौथी मंजिल में महिला वार्ड में पहुंचकर सीएम एक-एक मरीज से मिले और कंबल, हलवा बांटकर उनका कुशलक्षेम पूछा। इससे पूर्व सीएम के सरकारी आवास ओकओवर में भी बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। राष्ट्रपति, राज्यपाल आचार्य देवव्रत, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों, केंद्रीय मंत्रियों आदि ने भी सीएम को शुभकामनाएं दीं। मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, सुरेश भारद्वाज ने ओकओवर पहुंचकर सीएम को बधाई दी। मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा, विधायकों, वरिष्ठ अधिकारियों, विभागाध्यक्षों, बोर्डों-निगमों के अध्यक्षों-उपाध्यक्षों, शिमला नगर निगम की महापौर आदि ने भी मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। भाजयुमो शिमला मंडल ने कार्यक्रम आयोजित कर जरूरतमंदों को कंबल, जूते और जैकेट बांटे।
डॉक्टर साहब! घर के लोग हैं, ख्याल रखना
कैंसर अस्पताल में बुजुर्ग महिला मरीज ने सीएम से बात की। महिला ने बताया कि वह शुराग से हैं। महिला से बात करने के बाद सीएम ने डॉक्टरों से बात की। सीएम बोले – डॉक्टर साहब ये घर के लोग हैं, इनका खास ख्याल रखें। इस पर वहां ठहाके भी लगे। सीएम ने वार्ड में दाखिल एक बच्चे से भी बातचीत की। उधर, अस्पताल प्रशासन ने बताया कि नए भवन को बनाने के लिए एनजीटी के कानून आड़े आ रहे हैं। न भवन बन पा रहा है न मशीनें लग पा रही हैं। मुख्यमंत्री ने इस मामले को जल्द सरकार के समक्ष भेजने को कहा।
विभागाध्यक्ष के कमरे में काटा केक, फोटो लेने पर मनाही
मुख्यमंत्री कैंसर रोगियों से मिलकर लौटे तो विभागाध्यक्ष के कमरे में केक का इंतजाम किया गया था। मुख्यमंत्री ने जैसे ही केक काटा तो यहां पर कुछ लोग फोटो खिंचवाने लगे। लेकिन तुरंत ही कहा गया कि यहां फोटो नहीं ले सकते।
विक्रमादित्य ने ओक ओवर पहुंचकर दीं शुभकामनाएं
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पुत्र एवं विधायक विक्रमादित्य सिंह मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मिलने ओक ओवर पहुंचे और उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। इसके बाद विक्रमादित्य सिंह ने सोशल मीडिया पर उनके साथ फोटो शेयर किया और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कैंसर रोगियों के साथ मनाया जन्मदिन |
RELATED ARTICLES