आई 1न्यूज़ चंडीगढ़ 13 जनवरी 2026 भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे कथित झूठ को उजागर करने के उद्देश्य से चंडीगढ़ में मीडिया व सोशल मीडिया विभाग की एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की। कार्यशाला में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने मीडिया टीम को प्रभावी संवाद और तथ्यों के साथ पार्टी का पक्ष रखने के मंत्र दिए।
कार्यशाला के दूसरे सत्र में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पार्टी के प्रवक्ता सरकार और संगठन की आवाज होते हैं, इसलिए उन्हें हर विषय की सटीक जानकारी के साथ सकारात्मक और तथ्यात्मक तरीके से अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता भाजपा सरकार के कार्यों से संतुष्ट है और जनता तक सही जानकारी पहुंचाना मीडिया टीम की बड़ी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में देश ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है और 2047 तक भारत को विश्व का अग्रणी राष्ट्र बनाने का लक्ष्य तय किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि मुद्दों के अभाव में विपक्ष झूठ और भ्रम फैलाने का सहारा ले रहा है, लेकिन जनता अब ऐसे दुष्प्रचार को समझने लगी है। उन्होंने सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों की फसलों की एमएसपी पर खरीद, महिलाओं को सस्ते गैस सिलेंडर, बुजुर्गों और मरीजों के लिए मुफ्त इलाज जैसी योजनाओं से जनता को सीधा लाभ मिला है।
राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि भाजपा सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि समाज की सोच बदलने के लिए काम कर रही है। उन्होंने मीडिया पदाधिकारियों से केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के स्वरोजगार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया।
इससे पहले सत्र में प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा की मीडिया टीम ने अब तक विपक्ष के झूठ को प्रभावी ढंग से उजागर किया है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। कार्यशाला में संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।


