पंजाब 24 फरवरी 2026(आई 1 न्यूज़ ) पंजाब के सीमावर्ती जिले गुरदासपुर के दुरंगला पुलिस पोस्ट पर एएसआई गुरनाम सिंह और होमगार्ड अशोक कुमार की हत्या के मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, नए-नए घटनाक्रम सामने आ रहे हैं। सोमवार सुबह पाकिस्तान से जुड़े वांछित गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नाम से एक कथित वीडियो वायरल हुआ, जबकि शाम तक एक ऑडियो क्लिप ने मामले को और उलझा दिया। इसी बीच लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े सदस्य हैरी बॉक्सर ने सोशल मीडिया पोस्ट कर बदला लेने की बात कही है।सुबह जारी वीडियो में दिखाया गया कि एएसआई गुरनाम सिंह को बेहद नजदीक से गोली मारी गई। वीडियो में एक व्यक्ति गोली चलाता नजर आता है, जबकि दूसरा कथित तौर पर रिकॉर्डिंग कर रहा है। हालांकि पुलिस ने इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और इसकी सत्यता की जांच की जा रही है।शाम को वायरल ऑडियो में शहजाद भट्टी ने घटना पर अफसोस जताते हुए खुद को हमले से अलग बताया और पंजाब पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। पुलिस का कहना है कि वीडियो और ऑडियो दोनों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।
घटना के बाद सीमावर्ती इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। अमृतसर के अजनाला समेत संवेदनशील क्षेत्रों में नाकाबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इस बीच ‘तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान’ के नाम से जिम्मेदारी लेने का पोस्टर भी सामने आया है, जिसकी जांच की जा रही है। गुरदासपुर के एसएसपी आदित्य ने कहा कि किसी संगठन की सक्रियता की अभी पुष्टि नहीं हुई है।मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शहीदों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। साथ ही एक निजी बैंक की ओर से भी बीमा राशि प्रदान किए जाने की बात कही गई है। वहीं प्रतिपक्ष नेता प्रताप सिंह बाजवा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।पुलिस सभी पहलुओं—आतंकी एंगल, गैंग कनेक्शन और वायरल सामग्री—की गहन जांच में जुटी है।
गुरदासपुर पुलिस पोस्ट हत्याकांड वीडियो-ऑडियो से सनसनी, गैंगवार की धमकियों के बीच जांच तेज
RELATED ARTICLES


