पंजाब 20 फरवरी 2026(जगदीश कुमार) पंजाब के मोहाली में मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा बस योजना के अंतर्गत आज मोहाली विधानसभा क्षेत्र से श्रद्धालुओं की पांचवीं बस को विधायक कुलवंत सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर वे मटौर पहुंचे और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए बस को विधिवत रवाना किया।
मीडिया से बातचीत में विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि योजना को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह और आस्था देखने को मिल रही है। उन्होंने बताया कि अमृतसर को सभी धर्मों का केंद्रीय स्थल माना जाता है और यह जत्था श्री दरबार साहिब, दुर्गियाना मंदिर, राम तीर्थ, वाल्मीकि मंदिर और जलियांवाला बाग के दर्शन करेगा। इसके अलावा श्रद्धालु वाघा बॉर्डर भी जाएंगे।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार ने श्रद्धालुओं के आने-जाने और ठहरने की समुचित व्यवस्था की है। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ श्रद्धालुओं ने सचखंड श्री हजूर साहिब के लिए भी इसी प्रकार की यात्रा योजना शुरू करने की मांग की है, जिस पर मुख्यमंत्री से चर्चा की गई है और भविष्य में इस पर सकारात्मक निर्णय की उम्मीद है।नगर निगम चुनाव के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर विधायक ने स्पष्ट किया कि चुनाव तय समय-सीमा में ही कराए जाएंगे और यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया सुनिश्चित रूप से पूरी होगी।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद फूलराज सिंह, हरपाल सिंह चन्ना सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा बस योजना के तहत मोहाली से श्रद्धालुओं की 5वीं बस रवाना
RELATED ARTICLES


