आई 1 न्यूज़ चंडीगढ़ 24 दिसंबर 2025 चंडीगढ़ भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश कार्यालय कमलम, सेक्टर-33 में आयोजित प्रेस वार्ता में आम आदमी पार्टी की दो पार्षदों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि वार्ड नंबर 16 से पार्षद पूनम और वार्ड नंबर 4 से पार्षद सुमन शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, जनकल्याणकारी नीतियों और भाजपा की विकासवादी सोच से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया है।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास,सुशासन और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में ऐतिहासिक प्रगति की है। केंद्र सरकार की योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं, जिससे जनता का भरोसा भाजपा के प्रति लगातार मजबूत हो रहा है। इसी विश्वास के चलते अन्य दलों के जनप्रतिनिधि भी भाजपा से जुड़ रहे हैं। इस अवसर पर चंडीगढ़ की मेयर हरप्रीत कौर बबला ने दोनों पार्षदों का भाजपा परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि नए साथियों के जुड़ने से संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा चंडीगढ़ के विकास को नई गति मिलेगी। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश के सह प्रभारी संजय टंडन ने कहा कि पार्टी का निरंतर विस्तार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर जनता के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है। पार्षद सुमन शर्मा ने इसे अपनी “घर वापसी” बताते हुए कहा कि भाजपा से उनका पुराना नाता रहा है और वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रेरित होकर पुनः अपनी मूल विचारधारा से जुड़ी हैं। वहीं पार्षद पूनम ने कहा कि वे भाजपा की विकासोन्मुखी नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुई हैं और पूरी निष्ठा से जनसेवा करेंगी।
मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर आप के दो पार्षद भाजपा में शामिल।
RELATED ARTICLES


