चंडीगढ़ 20 फरवरी 2026( आई 1 न्यूज़) चंडीगढ़ में हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष के अभिभाषण के साथ विधिवत शुरू हुआ। सत्र की शुरुआत वंदे मातरम के सामूहिक गायन से हुई, जिसके बाद राज्यपाल ने सरकार की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं का विस्तृत खाका सदन के सामने रखा। अभिभाषण के बाद सदन की कार्यवाही एक घंटे के लिए स्थगित कर दी गई। इस दौरान राज्यपाल की पत्नी मित्रा घोष भी दर्शक दीर्घा में मौजूद रहीं।अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि हरियाणा सरकार पिछले एक दशक से जनहित और सुशासन के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। “सबका साथ, सबका विकास” की भावना के साथ सरकार ने विकास को नई दिशा दी है। उन्होंने बताया कि दिसंबर में हरियाणा ने वर्ष 2047 तक का विजन दस्तावेज जारी किया है, जो प्रदेश को विकसित भारत के लक्ष्य में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए रणनीतिक ब्लूप्रिंट प्रदान करता है। राज्य को औद्योगिक क्षेत्र में ग्लोबल हब बनाने, कृषि में नई तकनीकों के विस्तार और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है।सत्र के दौरान सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के संकेत हैं। कांग्रेस ने कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है, जिनमें युवाओं की भर्ती, खाली पद, कानून-व्यवस्था, नशा, जलभराव, एसवाईएल और प्रदेश की आर्थिक स्थिति शामिल हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विपक्ष के सवालों का जवाब देंगे। उन्होंने सत्र से पहले विधायकों और मंत्रियों के साथ अलग-अलग बैठकें कर दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं।
23 फरवरी से नियमित कार्यवाही शुरू होगी और सत्र 18 मार्च तक चलेगा। दो मार्च को मुख्यमंत्री वित्त मंत्री के रूप में अपना दूसरा बजट पेश करेंगे। बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में प्रस्तावित कार्यक्रम को मंजूरी दे दी गई है। सत्र के दौरान आधा दर्जन से अधिक विधेयक पेश किए जाने की संभावना है।इस बार सदन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और ऊर्जा मंत्री अनिल विज के बीच होने वाली चर्चित नोकझोंक देखने को नहीं मिलेगी, क्योंकि अनिल विज पैर में फ्रैक्चर के कारण आराम पर हैं।
हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र शुरू, राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष के अभिभाषण में 2047 विजन पर जोर
RELATED ARTICLES


