उत्तर प्रदेश 2 फरवरी 2026( दैनिक खबरनामा ) उत्तर प्रदेश अयोध्या में बन रहे भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण कार्य आगामी 30 अप्रैल 2026 तक पूरी तरह समाप्त हो जाएगा। राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंदिर निर्माण से जुड़े सभी प्रमुख कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे कर लिए जाएंगे और इसके साथ ही परियोजना पर होने वाला कुल खर्च लगभग 1,900 करोड़ रुपये आंका गया है।दो दिवसीय राम मंदिर निर्माण समिति की बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए नृपेंद्र मिश्रा ने कहा कि मंदिर निर्माण में अहम भूमिका निभा रही लार्सन एंड टुब्रो (L&T) और टाटा कंसल्टेंसी 30 अप्रैल के बाद मंदिर परिसर से अपना कार्य समेट लेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इन दोनों कंपनियों की प्रत्यक्ष भूमिका समाप्त हो जाएगी।मिश्रा ने बताया कि निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी कागजी औपचारिकताएं, बिल भुगतान और प्रशासनिक प्रक्रियाएं भी 30 अप्रैल तक पूरी कर ली जाएं, ताकि आगे किसी प्रकार की तकनीकी या कानूनी अड़चन न आए।उन्होंने यह भी जानकारी दी कि L&T और टाटा कंसल्टेंसी ने अपने द्वारा किए गए निर्माण कार्य पर तीन साल की वारंटी देने का प्रस्ताव रखा है। मंदिर के रखरखाव और देखरेख के लिए दोनों कंपनियों की ओर से एक छोटी तकनीकी टीम मंदिर परिसर में तैनात रहेगी, जो आवश्यकतानुसार मरम्मत और देखभाल का काम करेगी।राम मंदिर निर्माण समिति अध्यक्ष ने आगे कहा कि 30 अप्रैल के बाद L&T, टाटा कंसल्टेंसी और राज्य निर्माण निगम से जुड़े सभी समझौते श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अधीन आ जाएंगे। इसके बाद ट्रस्ट ही मंदिर परिसर के संचालन, रखरखाव और प्रबंधन की पूरी जिम्मेदारी संभालेगा।
खर्च का विवरण साझा करते हुए मिश्रा ने बताया कि अब तक मंदिर निर्माण पर लगभग 1,600 करोड़ रुपये (जीएसटी सहित) खर्च किए जा चुके हैं, जबकि शेष राशि निर्माण के अंतिम चरण और अन्य संबंधित कार्यों में उपयोग की जाएगी।राम मंदिर निर्माण के अंतिम चरण में पहुंचने के साथ ही देशभर के श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। मंदिर के पूर्ण होने के बाद अयोध्या न सिर्फ धार्मिक बल्कि सांस्कृतिक और पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में भी उभरने की उम्मीद है।
30 अप्रैल तक पूरा होगा अयोध्या राम मंदिर निर्माण, लागत करीब 1,900 करोड़ L&T और टाटा कंसल्टेंसी का कार्यकाल होगा समाप्त
RELATED ARTICLES


