चंडीगढ़ 26 फरवरी 2026( जगदीश कुमार) चंडीगढ़ में एक बार फिर तेज रफ्तार का खतरनाक रूप सामने आया है। मंगलवार देर रात कलाग्राम लाइट प्वाइंट पर एक तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार दो शिक्षकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन वाहन का नंबर नोट किए जाने के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।मृतकों की पहचान सहारनपुर के थाना मंडी क्षेत्र के निवासी 46 वर्षीय गुलशेर अली और 44 वर्षीय अब्दुल सुभान के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित हकमशाह कॉलोनी और छुटमलपुर के मदरसों में शिक्षक थे। वे 21 फरवरी को सहारनपुर से अपनी स्प्लेंडर बाइक पर चंडीगढ़ आए थे और सेक्टर-26 में अपने रिश्तेदार के यहां ठहरे हुए थे।जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात करीब 11 बजे दोनों पंचकूला से काम खत्म कर वापस लौट रहे थे। कलाग्राम लाइट प्वाइंट पर रेड लाइट होने के कारण वे रुके हुए थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही थार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गुलशेर अली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अब्दुल सुभान को पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआई) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।हादसे में शामिल वाहन को चला रहा 18 वर्षीय अरमान, सेक्टर-22 का निवासी है। उसके पिता चंडीगढ़ पुलिस में हवलदार हैं और सेक्टर-9 स्थित पुलिस मुख्यालय में तैनात हैं। मनीमाजरा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए। दोनों मृतक अपने पीछे बड़ा परिवार छोड़ गए हैं—गुलशेर अली के पांच और अब्दुल सुभान के चार बच्चे हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।
चंडीगढ़ में तेज रफ्तार थार का कहर कलाग्राम लाइट प्वाइंट पर दो शिक्षकों की मौत, 18 वर्षीय चालक गिरफ्तार
RELATED ARTICLES


