HomeLatest Newsनिवेश सम्मेलन में वेरका के उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र, विदेशी प्रतिनिधियों...

निवेश सम्मेलन में वेरका के उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र, विदेशी प्रतिनिधियों ने निर्यात में दिखाई रुचि

पंजाब 14 मार्च 2026 (जगदीश कुमार) पंजाब सरकार द्वारा प्लाक्सा यूनिवर्सिटी में आयोजित निवेश सम्मेलन के दौरान वेरका द्वारा लगाए गए उत्पादों के स्टॉल ने विशेष रूप से लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इस स्टॉल पर देश और विदेश से आए प्रतिनिधियों ने वेरका के उत्पादों में गहरी रुचि दिखाई और इनके निर्यात की संभावनाओं पर भी चर्चा की।सम्मेलन में पहुंचे डेलीगेट्स ने वेरका से टेट्रा पैक तकनीक, दूध की हैंडलिंग और प्रोसेसिंग से संबंधित आधुनिक तकनीकों को अपनाने में भी दिलचस्पी दिखाई। कई प्रतिनिधियों ने विशेष रूप से इंग्लैंड और सिंगापुर में वेरका के उत्पादों के निर्यात को लेकर उत्साह व्यक्त किया।प्रतिनिधियों ने वेरका के विभिन्न उत्पादों के बारे में जानकारी ली, जिनमें देसी घी, मक्खन, पंजीरी, गजक, दूध, लस्सी, खीर, दही, योगर्ट, क्रीम, प्रोटीन योगर्ट, काजू पिन्नी और रबड़ी शामिल हैं।वेरका के उत्पादों के बारे में जानकारी देते हुए सिमरप्रीत सिंह गिल ने बताया कि वेरका ने ट्राइसिटी क्षेत्र में अमूल को पूरी तरह पीछे छोड़ दिया है और ऐसा करने वाली यह देश की पहली सहकारी संस्था बन गई है। उन्होंने बताया कि इस समय ट्राइसिटी में ताजा दूध की मार्केटिंग में वेरका की लगभग 75 प्रतिशत हिस्सेदारी है।उन्होंने कहा कि दूध की गुणवत्ता बनाए रखने और मिलावट को रोकने के लिए वेरका द्वारा विश्व की नवीनतम तकनीक से लैस मशीनों के माध्यम से चार चरणों में जांच की जाती है। दूध की पहली जांच कलेक्शन सेंटर पर की जाती है और अंतिम जांच मिल्क प्लांट में होती है। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान दूध के लगभग 80 तरह के परीक्षण किए जाते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि मोहाली स्थित वेरका प्लांट की क्षमता को जापान की एजेंसी जेआईसीए के सहयोग से बढ़ाया जा रहा है। वर्तमान समय में वेरका के उत्पादों का निर्यात मध्य-पूर्व, दक्षिण-पूर्व एशिया और ऑस्ट्रेलिया जैसे क्षेत्रों में किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments