आई 1 न्यूज़ 9 मार्च 2026 मोहाली के जुझार नगर इलाके में एक प्रॉपर्टी डीलर पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उससे 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी और पैसे न देने पर उस पर हमला किया गया। जानकारी के अनुसार जुझार नगर निवासी जसविंदर सिंह उर्फ फतेह रविवार शाम करीब 8 बजे अपने काम से घर लौट रहे थे। जसविंदर सिंह ने बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं और जामपुर इलाके में बन रहे मकानों का काम देखकर वापस आ रहे थे। इसी दौरान एक कार ने उन्हें रास्ते में रोक लिया।
पीड़ित के अनुसार कार मारुति स्विफ्ट थी जिसमें तीन लोग सवार थे। आरोप है कि एक व्यक्ति ने पिस्तौल के पिछले हिस्से से उनके सिर पर हमला किया जबकि अन्य दो ने उनके साथ मारपीट की। जसविंदर सिंह ने बताया कि हमलावरों के हाथ में कोई नुकीली वस्तु भी थी। जसविंदर सिंह का कहना है कि उन्हें एक-दो दिन पहले फोन कर 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। उन्होंने फोन करने वालों से कहा था कि इन दिनों रजिस्ट्रियां बंद हैं और प्रॉपर्टी का कोई सौदा नहीं हो रहा इसलिए वह पैसे नहीं दे सकते। इस पर फोन करने वालों ने उन्हें धमकी दी थी कि वे उन्हें देख लेंगे। पीड़ित का आरोप है कि उसी धमकी के बाद रविवार को उन पर हमला किया गया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत दर्ज करवाई है। जसविंदर सिंह ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्हें शिकायत मिल गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
मोहाली में प्रॉपर्टी डीलर पर जानलेवा हमला फिरौती न देने पर मारपीट का आरोप।
RELATED ARTICLES


