आई 1 न्यूज़ राजन राय पंचकूला 29 जून 2026 हरियाणा के पंचकूला नगर निगम के मेयर श्यामलाल बंसल ने आयोजित प्रेसवार्ता में शहर के विकास और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से जानकारी दी।
मेयर बंसल ने बताया कि जो भी नागरिक 30 जून तक अपना संपत्ति कर (प्रॉपर्टी टैक्स) जमा करेंगे, उन्हें ब्याज में निर्धारित छूट का लाभ मिलेगा। उन्होंने नागरिकों से समय रहते कर जमा कराने की अपील की।
उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर के समग्र विकास के लिए विभिन्न योजनाओं पर कार्य कर रहा है और कई विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ाए जा रहे हैं।
मेयर ने बताया कि अब प्रत्येक रविवार को जनता दरबार आयोजित किया जाएगा, जिसमें वार्डों के निवासी अपनी समस्याएं सीधे उनके समक्ष रख सकेंगे। उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों का समाधान मौके पर संभव होगा, उनका तत्काल निपटारा किया जाएगा, जबकि अन्य मामलों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
प्रेसवार्ता के दौरान मेयर बंसल ने पत्रकारों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि उन्हें शहर में किसी प्रकार की कमी या सुधार की आवश्यकता दिखाई देती है, तो वे उसे खुलकर सामने रखें। नगर निगम उन सुझावों पर गंभीरता से विचार करेगा।
उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा पंचकूला को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाना है।


