पंजाब 14 मार्च 2026 (जगदीश कुमार) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हालिया पंजाब दौरे की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि राज्य के लोगों को इस दौरे से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी, कर्ज माफी और पंजाब के लिए विशेष पैकेज जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर किसी ठोस घोषणा की उम्मीद थी, मगर इन विषयों पर कोई बात नहीं की गई।प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन के दौरान मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा, “हमें उम्मीद थी कि अमित शाह पंजाब के लिए एमएसपी, कर्ज माफी या किसी खास आर्थिक पैकेज की घोषणा करेंगे, लेकिन वे सिर्फ पंजाबियों को भला-बुरा कहकर चले गए।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार लगातार पंजाब के साथ पक्षपात कर रही है और राज्य के वैध फंड भी रोक रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने पंजाब का ग्रामीण विकास फंड(आरडीएफ) और जीएसटी से जुड़ा हिस्सा रोक रखा है। इसके अलावा, पिछले वर्ष आई भीषण बाढ़ के लिए घोषित 1,600 करोड़ रुपये की राहत राशि भी अब तक राज्य को जारी नहीं की गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा बाढ़ राहत के बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन पंजाब को उस घोषणा का कोई वास्तविक लाभ नहीं मिला।
गैंगस्टरवाद के मुद्दे पर भी मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को गुजरात की जेल में रखा गया है और उसे पंजाब लाने की अनुमति नहीं दी जा रही। मुख्यमंत्री ने कहा कि गैंगस्टरवाद एक राष्ट्रीय समस्या है और इसे खत्म करने के लिए केंद्र को ठोस कदम उठाने चाहिए।
नशा तस्करी के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा से होने वाली तस्करी को रोकना मुख्य रूप से केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन पंजाब सरकार अपनी तरफ से एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाकर इस चुनौती से निपटने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने सीमा के करीब 550 किलोमीटर क्षेत्र में एंटी-ड्रोन तकनीक स्थापित की है।मुख्यमंत्री मान ने यह भी सवाल उठाया कि गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह पर लगभग 3,000 किलोग्राम नशीले पदार्थ की जब्ती के बावजूद वहां कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने कहा कि पंजाब ने देश का सबसे बड़ा नशा विरोधी अभियान शुरू किया है और राज्य सरकार इस समस्या से निपटने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।राजनीतिक टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की उपजाऊ धरती पर नफरत और धर्म की राजनीति के बीज कभी नहीं उगेंगे। उन्होंने भाजपा को पंजाब में “स्कूटर पार्टी” बताते हुए कहा कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए 117 उम्मीदवार भी कहां से लाएगी।मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रोग्रेसिव पंजाब निवेशक सम्मेलन को उद्योग जगत से जबरदस्त समर्थन मिल रहा है और निवेशक राज्य में नए व्यापारिक अवसरों पर चर्चा कर रहे हैं। उनके अनुसार यह सम्मेलन पंजाब में निवेश और औद्योगिक विकास को नई दिशा देने का मंच बन रहा है।
अमित शाह के दौरे पर मुख्यमंत्री मान का हमला, कहा पंजाब के मुद्दों पर कोई ठोस घोषणा नहीं
RELATED ARTICLES


