मोहाली आई 1 न्यूज़ 10 जून 2026 पंजाब के मोहाली नगर निगम के मेयर चुनाव में आम आदमी पार्टी के पार्षद सरबजीत सिंह समाना को मेयर चुना गया। पार्टी के पास सदन में स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद मेयर पद को लेकर कई नाम चर्चा में थे लेकिन अंततः पार्टी नेतृत्व ने सरबजीत सिंह समाना पर भरोसा जताया। चुनाव में उन्हें 35 पार्षदों का समर्थन मिला।
सरबजीत सिंह समाना की जीत के पीछे उनका निगम में लंबा अनुभव और पार्षदों के बीच मजबूत पकड़ अहम मानी जा रही है। वह वर्ष 2015 में पहली बार पार्षद चुने गए थे। इसके बाद 2021 और 2026 में भी जीत हासिल कर लगातार तीसरी बार निगम सदन पहुंचे। नगर निगम के कामकाज की उनकी समझ और अनुभव ने उनकी दावेदारी को मजबूत बनाया।
उनके पिता और मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह का भी स्थानीय राजनीति में मजबूत प्रभाव माना जाता है। वर्ष 2015 में नगर परिषद से नगर निगम बनने के बाद कुलवंत सिंह शहर के पहले मेयर बने थे। इससे पहले वे नगर परिषद के पार्षद और प्रधान भी रह चुके हैं।
मेयर पद की दौड़ में पंजाब वाटर सप्लाई एवं सीवरेज बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सनी अहलूवालिया का नाम भी प्रमुखता से सामने आया था। हालांकि स्थानीय स्तर पर पार्षदों के बीच अपेक्षित समर्थन नहीं मिलने के कारण उनकी दावेदारी कमजोर पड़ गई। राजनीतिक जानकारों के अनुसार पार्षदों के व्यापक समर्थन और संगठनात्मक अनुभव के चलते सरबजीत सिंह समाना ने बढ़त बनाए रखी और अंततः मेयर पद हासिल करने में सफल रहे।


