इनफ्लुएंसर रफ्तार राय पर ब्लैकमेलिंग के आरोप पुलिस जांच शुरू।
चंडीगढ़ आई 1 न्यूज़ 10 जून 2026 चंडीगढ़ सोशल मीडिया की बढ़ती पहुंच के बीच एक नया विवाद सामने आया है। सेक्टर-22 स्थित वाह प्रोडक्शन के संचालक लवप्रीत सिंह उर्फ हरमन ने सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर रफ्तार राय पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि रफ्तार राय उनके नाम को विभिन्न इमिग्रेशन कंपनियों के साथ जोड़कर सोशल मीडिया पर उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहा है और कथित रूप से 50 हजार रुपये प्रतिमाह देने के लिए दबाव बना रहा है।
लवप्रीत सिंह के अनुसार, पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर उनके खिलाफ पोस्ट और वीडियो साझा किए जा रहे हैं, जिनमें उनका नाम कुछ इमिग्रेशन कंपनियों से जोड़ा जा रहा है। उनका कहना है कि इन दावों का कोई तथ्यात्मक आधार नहीं है और उनका किसी भी इमिग्रेशन कंपनी से कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी तस्वीरों और वीडियो का उपयोग कर उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे उनके कारोबार, व्यावसायिक संबंधों और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच रहा है। मामले के सामने आने के बाद स्थानीय कारोबारी वर्ग में भी इसकी चर्चा शुरू हो गई है।
लवप्रीत सिंह ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत सौंप दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। मामले में अभी जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि संबंधित एजेंसियों की जांच के बाद ही हो सकेगी।


