HomeLatest Newsऊर्जा संरक्षण, प्राकृतिक खेती और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के निर्देश

ऊर्जा संरक्षण, प्राकृतिक खेती और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के निर्देश

आई 1 न्यूज़ चंडीगढ़ 11 जून (वार्ता ) हरियाणा की राज्य सरकार ने ऊर्जा संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न विभागों और नागरिकों हेतु दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

निर्देशों के अनुसार, सरकारी कार्यालयों में एयर कंडीशनर का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रखना अनिवार्य होगा। अनावश्यक रोशनी और सजावटी प्रकाश व्यवस्था को कम करने तथा कार्यालय समय को दिन के उजाले के अधिकतम उपयोग के अनुरूप निर्धारित करने पर भी जोर दिया गया है, ताकि बिजली की खपत में कमी लाई जा सके।

सरकार ने सौर ऊर्जा, नवीकरणीय ऊर्जा और संपीड़ित बायोगैस परियोजनाओं को गति देने के निर्देश दिए हैं। नगर निकायों को ठोस कचरे से ऊर्जा उत्पादन की परियोजनाओं को तेजी से लागू करने और कचरे के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने के लिए कहा गया है।

कृषि विभाग को तिलहन उत्पादन बढ़ाने, प्राकृतिक खेती, शून्य-बजट खेती तथा संतुलित उर्वरक उपयोग को प्रोत्साहित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। किसान उत्पादक संगठनों और सहकारी समितियों के माध्यम से जैव-उपकरण संसाधन केंद्र स्थापित किए जाएंगे। उर्वरकों के दुरुपयोग और तस्करी पर रोक लगाने के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) तथा स्वयं सहायता समूहों की ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भागीदारी बढ़ाने और आयात के विकल्प के रूप में स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने पर भी बल दिया गया है।

सरकार ने नागरिकों को अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचने, सार्वजनिक परिवहन, कारपूलिंग और इलेक्ट्रिक वाहनों का अधिक उपयोग करने की सलाह दी है। स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने, स्थानीय उत्पाद खरीदने और घरों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में ऊर्जा-कुशल उपाय अपनाने का भी आह्वान किया गया है।

होटलों, रेस्तरां और घरों से पीएनजी के उपयोग को प्राथमिकता देने तथा एयर कंडीशनर का तापमान निर्धारित सीमा के भीतर बनाए रखने का आग्रह किया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, इन निर्देशों के तत्काल क्रियान्वयन और कड़ाई से अनुपालन के लिए सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, संभागीय आयुक्तों, उपायुक्तों, बोर्डों, निगमों और विश्वविद्यालयों को आवश्यक निर्देश भेज दिए गए हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments