आई 1 न्यूज़ चंडीगढ़ 16 जून 2016 हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा निवासी सचिन कुमार ने सेक्टर-22 स्थित इमिग्रेशन कंपनी द वीजा बुल पर ऑस्ट्रेलिया का वर्क परमिट दिलाने के नाम पर 4 लाख रुपये की कथित ठगी का आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस संबंध में एसएसपी चंडीगढ़ को शिकायत देकर मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, करीब छह महीने पहले सचिन कुमार ने सोशल मीडिया पर कंपनी का विज्ञापन देखा था, जिसमें ऑस्ट्रेलिया में रोजगार और वर्क परमिट दिलाने का दावा किया गया था। इसके बाद वह कंपनी के कार्यालय पहुंचे, जहां उन्हें ऑस्ट्रेलिया के सबक्लास-482 वर्क परमिट/वीजा दिलाने का भरोसा दिया गया। कंपनी के आश्वासन पर उन्होंने विभिन्न किस्तों में कुल 4 लाख रुपये जमा कर दिए।
पीड़ित का आरोप है कि रकम लेने के बाद कंपनी लगातार वीजा जल्द आने का भरोसा देती रही, लेकिन छह महीने बीत जाने के बावजूद न तो वर्क परमिट मिला और न ही आवेदन की कोई स्पष्ट जानकारी दी गई। जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए तो कंपनी के कर्मचारियों ने सहयोग करना बंद कर दिया।
सचिन कुमार ने आरोप लगाया कि कंपनी के कुछ कर्मचारियों ने उन्हें यह तक कह दिया कि उनका ऊंचे अधिकारियों तक प्रभाव है और उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। पीड़ित का दावा है कि कई अन्य लोग भी इसी तरह की शिकायतों के साथ कंपनी के चक्कर काट रहे हैं।
शिकायत में पीड़ित ने कंपनी के निदेशकों और कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी, विश्वासघात और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच करने तथा उनकी 4 लाख रुपये की राशि वापस दिलाने की मांग की है।


