लिवासा हॉस्पिटल्स बना भाखरा राइड 2.0का हेल्थ पार्टनर।
आई 1 न्यूज़ नंगल 10 जून 2026 पंजाब के नंगल में आयोजित भाखरा राइड 2.0 में पंजाब के विभिन्न जिलों से आए करीब 800 साइकिल चालकों धावकों फिटनेस प्रेमियों परिवारों और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन में लिवासा हॉस्पिटल्स ने हेल्थ पार्टनर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के लिए तीन श्रेणियां रखी गई थीं, जिनमें 25 किलोमीटर भाखरा एलिवेशन राइड 10 किलोमीटर सिटी राइड तथा 5 किलोमीटर फन वॉक/रन शामिल थीं। आयोजन का उद्देश्य लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
लिवासा हॉस्पिटल्स की ओर से आयोजन स्थल पर एक विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया गया जहां प्रतिभागियों को चिकित्सा सहायता बुनियादी स्वास्थ्य जांच और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। इसके अलावा अस्पताल ने अंगदान जागरूकता एवं प्रतिज्ञा अभियान भी चलाया। इस अभियान के माध्यम से लोगों को अंगदान के महत्व और इसके जरिए कई लोगों का जीवन बचाने की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
लिवासा हॉस्पिटल्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अनुराग यादव ने कहा कि भाखरा राइड 2.0 ने फिटनेस को बढ़ावा देने के साथ-साथ अंगदान जैसे महत्वपूर्ण विषय पर जागरूकता फैलाने के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराया है। उन्होंने कहा कि अंगदान एक ऐसा मानवीय कार्य है जो अनगिनत लोगों को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने इस सामुदायिक पहल का हिस्सा बनने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अस्पताल भविष्य में भी समाज में बेहतर स्वास्थ्य परिणामों और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।


