आई 1न्यूज़ चंडीगढ़ 15 जून 2026 केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत रविवार से बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर गणना कार्य शुरू कर दिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह अभियान 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक चलेगा। अभियान के पहले दिन शाम 5 बजे तक बीएलओ ने शहरभर में 37,410 गणना प्रपत्र वितरित किए। गणना चरण के दौरान बीएलओ घर-घर जाकर प्रपत्रों का वितरण और संग्रहण करेंगे। प्रत्येक मतदाता को प्रपत्र की दो प्रतियां उपलब्ध कराई जाएंगी तथा जरूरत पड़ने पर उन्हें प्रपत्र भरने में सहायता भी दी जाएगी। जिन घरों पर ताला लगा मिलेगा, वहां बीएलओ गणना प्रपत्र छोड़ेंगे और उन्हें एकत्र करने के लिए कम से कम तीन बार पुनः दौरा करेंगे। मतदाता अपने भरे हुए प्रपत्र ईसीआईनेट मोबाइल ऐप या वोटर्स सर्विस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन भी जमा कर सकते हैं, जिनका सत्यापन संबंधित बीएलओ द्वारा किया जाएगा। मतदाताओं से वर्ष 2002-03 के विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े मैपिंग विवरण उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है। यदि ये विवरण उपलब्ध नहीं हैं तो वे अपने माता-पिता या दादा-दादी/नाना-नानी का विवरण दे सकते हैं जो वर्ष 2002-03 अथवा 2025-26 के विशेष पुनरीक्षण में दर्ज हो। संबंधित अभिलेख मुख्य निर्वाचन अधिकारी चंडीगढ़ की वेबसाइट ईसीआईनेट ऐप और वोटर्स सर्विस पोर्टल पर उपलब्ध हैं। जिन पात्र निवासियों का नाम वर्तमान मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे निर्धारित घोषणा-पत्र के साथ फॉर्म-6 जमा कर सकते हैं। ऐसे आवेदनों पर 21 जुलाई 2026 को प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद नियमानुसार विचार किया जाएगा। निर्वाचन विभाग ने राजनीतिक दलों बूथ लेवल एजेंटों रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों शैक्षणिक संस्थानों और अन्य हितधारकों से अभियान में सक्रिय सहयोग देने तथा मतदाताओं को समय पर गणना प्रपत्र जमा कराने में मदद करने की अपील की है। किसी भी जानकारी या सहायता के लिए मतदाता अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं ईसीआईनेट पर उपलब्ध बुक अ कॉल सुविधा का उपयोग कर सकते हैं या मतदाता हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। पुनरीक्षण अवधि के दौरान हेल्पलाइन 24 घंटे कार्यरत रहेगी। नागरिकों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर सहायता केंद्र भी स्थापित किए गए हैं।
- Advertisment -


