आई 1 न्यूज़ चंडीगढ़ 15 जून 2026 आर्य समाज सेक्टर-7बी की महत्वपूर्ण सभा की बैठक संस्था के प्रधान रविंद्र तलवाड़ की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संस्था के विकासात्मक, सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों की समीक्षा की गई तथा आगामी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में विमल खोसला, प्रकाश चंद्र शर्मा, डॉ. विनोद कुमार, प्रिंसिपल सुनील कुमार, सुरेश कुमार, डॉ. जी.पी. पॉल, विजय शर्मा, मधु बहल, नैना गुप्ता और ईश्वर हिंदूजा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
सभा में उपस्थित सदस्यों ने संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आर्य समाज समाज सेवा, धार्मिक गतिविधियों तथा वैदिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में निरंतर योगदान दे रहा है। बैठक में यह भी बताया गया कि संस्था द्वारा स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिनसे स्थानीय नागरिकों को लाभ मिल रहा है।
सदस्यों ने कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती के वैदिक सिद्धांतों एवं आर्य समाज के नियमों के अनुरूप संस्था समाज सुधार, संस्कार निर्माण और जनकल्याण के विभिन्न कार्यों को सफलतापूर्वक संचालित कर रही है। आर्य समाज परिसर स्थित वानप्रस्थ आश्रम भी वरिष्ठ नागरिकों के लिए सेवा और प्रेरणा का केंद्र बना हुआ है।
बैठक में विश्वास व्यक्त किया गया कि आर्य समाज सेक्टर-7बी भविष्य में भी वैदिक आदर्शों के अनुरूप समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हुए जनसेवा और सामाजिक उत्थान के कार्यों को और अधिक व्यापक बनाएगा।


